ब्रेकिंग खबरें

अतुल्य भारतटॉप खबरेंस्लाइडर

79वें स्वतंत्रता दिवस पर छत्तीसगढ़ में ‘हर घर तिरंगा’ महाअभियान का ऐलान, 2 से 15 अगस्त तक तिरंगा रैली, रंगोली प्रतियोगिता, तिरंगा मेला और स्वच्छता गतिविधियों के साथ देशभक्ति का ज्वार — सरकार ने जारी किए दिशा-निर्देश


देश के 79वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर छत्तीसगढ़ में ‘हर घर तिरंगा’ महाअभियान को भव्य स्वरूप देने की तैयारी शुरू हो गई है। 2 अगस्त से 15 अगस्त 2025 तक पूरे राज्य में तिरंगे की आन-बान-शान के साथ जनसहभागिता का महासैलाब उमड़ने वाला है। ‘‘हर घर तिरंगा, हर घर स्वच्छता: स्वतंत्रता का उत्सव, स्वच्छता के संग‘‘ थीम पर केंद्रित यह अभियान तीन चरणों में आयोजित किया जाएगा, जिसमें तिरंगा रैली, तिरंगा मेला, रंगोली प्रतियोगिता, कंसर्ट, जल संरक्षण गतिविधियां और हर गली-मोहल्ले में तिरंगे की बुनाई जैसी अनूठी पहलें शामिल होंगी।

राज्य सरकार ने सभी जिला कलेक्टरों को विस्तृत दिशा-निर्देश जारी कर दिए हैं, ताकि अभियान का प्रचार-प्रसार गांव-गांव, घर-घर तक पहुंचे और लोग स्वेच्छा से अपने घरों पर तिरंगा फहराने आगे आएं। शासकीय भवनों, शिक्षण संस्थानों, होटलों, पुलों और बांधों पर तिरंगा फहराने के साथ-साथ रात में रोशनी की जाएगी। इसके अलावा, सेल्फी ज़ोन, रंगोली सजावट और पंपलेट, बैनर, स्टैंडीज के माध्यम से भी माहौल को देशभक्ति से ओतप्रोत किया जाएगा।

तीन चरणों में मनाया जाएगा महा-अभियान — कार्यक्रमों की झलक

🔶 प्रथम चरण (02 से 08 अगस्त)
विद्यालयों और सार्वजनिक स्थलों को तिरंगा आर्ट से सजाया जाएगा। रंगोली प्रतियोगिताएं, तिरंगे के इतिहास पर प्रश्नोत्तरी, तिरंगा राखी निर्माण, और तीन रंगों के धागों से तिरंगे की बुनाई जैसे कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। बच्चों में तिरंगे के मूल्यों और स्वतंत्रता संग्राम की भावना को जागृत करने हेतु पत्र लेखन प्रतियोगिताएं भी होंगी।

🔶 द्वितीय चरण (09 से 12 अगस्त)
इस चरण में जनसहभागिता के साथ तिरंगा मेला और तिरंगा कंसर्ट आयोजित किया जाएगा। इसमें जनप्रतिनिधि, खिलाड़ी, कलाकार और विभिन्न सामाजिक संगठनों के सदस्य हिस्सा लेंगे। देशभक्ति गीतों और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के जरिए वातावरण देशप्रेम से गुंजायमान होगा। साथ ही तिरंगा बाइक रैली और साइकिल रैली भी निकाली जाएंगी।

🔶 तृतीय चरण (13 से 15 अगस्त)
इस चरण में शासकीय भवनों, पुलों, बांधों, स्कूल-कॉलेजों, कार्यालयों और सार्वजनिक स्थलों पर तिरंगा फहराने के साथ-साथ रोशनी की जाएगी। इसी अवधि में स्वच्छता अभियान और जल संरक्षण को लेकर जागरूकता गतिविधियां भी चलेंगी।

तिरंगे के निर्माण और वितरण में भी जनता की भागीदारी
स्व-सहायता समूहों को तिरंगे के निर्माण के लिए प्रोत्साहित किया जाएगा। ग्राम पंचायतों में तिरंगे की बिक्री एवं वितरण के लिए विशेष केंद्र स्थापित किए जाएंगे। डाकघर और उचित मूल्य की दुकानों को तिरंगा वितरण केंद्र के रूप में विकसित किया जा रहा है। टोल नाकों, चेक पोस्टों पर पंपलेट्स और स्टीकर्स वितरित कर जनजागरूकता बढ़ाई जाएगी।

सोशल मीडिया पर भी छाएगा ‘हर घर तिरंगा
राज्य सरकार ने इस बार डिजिटल प्लेटफॉर्म्स पर भी जबरदस्त कैंपेन की योजना बनाई है। www.harghartiranga.com पोर्टल से सभी गतिविधियों को लिंक कर जनमानस तक तिरंगे का संदेश पहुंचाया जाएगा। सोशल मीडिया पर भी #HarGharTiranga और #SwachhtaKeSang स्वतंत्रता उत्सव जैसे हैशटैग्स के साथ वीडियो और पोस्ट्स वायरल किए जाएंगे।

जनप्रतिनिधियों और संस्थाओं की अहम भूमिका
ग्राम पंचायतों के सरपंचों, नगरीय निकायों के पदाधिकारियों, सामाजिक संगठनों और कॉरपोरेट संस्थानों को अभियान में सक्रिय भागीदारी के लिए निर्देशित किया गया है। सीएसआर फंड्स के जरिए निजी कंपनियों को भी इस महाअभियान में जोड़ने की पहल की गई है।

देशभक्ति के रंग में रंगेगा पूरा छत्तीसगढ़ — हर घर फहराएगा तिरंगा, हर दिल बोलेगा वंदे मातरम्

What's your reaction?

Related Posts