अमोरा, 11 फरवरी 2026: सनसाईन पब्लिक स्कूल अमोरा में वार्षिकोत्सव कार्यक्रम बड़े ही हर्षोल्लास और उत्साह के साथ आयोजित किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि याकुब कुमार (सरपंच, ग्राम पंचायत अमोरा), उप सरपंच सकुन पटेल (विजय पटेल), तथा ग्राम के अन्य पंच और सामाजिक कार्यकर्ता मंजू सोनी ने माँ सरस्वती के छायाचित्र पर माल्यार्पण और दीप प्रज्ज्वलन करके किया।

कार्यक्रम में विद्यालय के विद्यार्थियों ने देशभक्ति गीत, समूह नृत्य, एकल नृत्य, नाटक और बाल प्रस्तुतियों के माध्यम से दर्शकों का मन मोह लिया। नन्हें बच्चों की मनमोहक प्रस्तुति पर अभिभावकों ने तालियों की गड़गड़ाहट से उत्साहवर्धन किया।

बच्चों के उत्साहवर्धन हेतु सरपंच, उप सरपंच और पंचों ने सभी विद्यार्थियों को कॉपी, पेन और नगद पुरस्कार वितरित किए। साथ ही सामाजिक कार्यकर्ता मंजू सोनी ने बच्चों को भारत माता का फोटो के साथ कॉपी व पेन प्रदान किए। डॉक्टर कृपाराम पटेल ने भी विद्यार्थियों को नगद पुरस्कार और कॉपी-पेन प्रदान कर सम्मानित किया।

विद्यालय के प्राचार्य लोमश यादव ने वार्षिक प्रतिवेदन प्रस्तुत करते हुए वर्ष भर की शैक्षणिक, सांस्कृतिक और खेलकूद गतिविधियों की उपलब्धियों की जानकारी दी और विद्यार्थियों, शिक्षकों और अभिभावकों के सहयोग की सराहना की।

मुख्य अतिथि ने अपने उद्बोधन में विद्यार्थियों को अनुशासन, परिश्रम और नैतिक मूल्यों का महत्व बताते हुए उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएँ दी। कार्यक्रम के अंत में मेधावी विद्यार्थियों को पुरस्कार और प्रमाण-पत्र प्रदान किए गए।

इस अवसर पर बड़ी संख्या में अभिभावक, शिक्षकगण और गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। कार्यक्रम को सफल बनाने में विद्यालय के शिक्षक स्टॉफ और आसपास के स्कूलों के शिक्षकगण का भी विशेष योगदान रहा। समस्त ग्रामवासी की उपस्थिति से कार्यक्रम और भी गरिमामयी बना।















