ब्रेकिंग खबरें

अन्य खबरेंविश्वसनीय छत्तीसगढ़स्लाइडर


छत्तीसगढ़ी गानों में बढ़ती अश्लीलता के खिलाफ कलाकारों का विरोध प्रदर्शन, 22 के खिलाफ थाने में शिकायत


छत्तीसगढ़ी कला और संस्कृति के संरक्षक अब खुलकर अश्लीलता के खिलाफ आवाज़ उठाने लगे हैं। बुधवार रात राजधानी रायपुर स्थित सिविल लाइन थाने के बाहर छत्तीसगढ़ी गीतकारों, गायकों, कवियों और युवाओं ने एकजुट होकर प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने अश्लीलता को बढ़ावा देने वाले 22 कलाकारों, गीतकारों और निर्माताओं के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई।

संस्कृति पर हमला: मीर अली मीर की दो टूक
राज्य अलंकरण पुरस्कार प्राप्त गीतकार और कवि मीर अली मीर ने इस मौके पर कहा, “छत्तीसगढ़ की संस्कृति का गौरवशाली इतिहास रहा है। हमारी भाषा और लोककला गीतों के ज़रिए जनमानस तक पहुंचती है, लेकिन कुछ लोग अपने निजी लाभ के लिए अश्लीलता परोस रहे हैं जो क्षमा योग्य नहीं।”

उन्होंने भोजपुरी संगीत उद्योग का उदाहरण देते हुए कहा कि जैसी गिरावट वहां देखी गई, वही अब छत्तीसगढ़ में शुरू हो रही है, जिसे रोकना सबकी जिम्मेदारी है।

छत्तीसगढ़िया क्रांति सेना की चेतावनी
छत्तीसगढ़िया क्रांति सेना के अध्यक्ष दिलीप मिरी ने चेतावनी भरे लहजे में कहा, “जो लोग राज्य की संस्कृति को दूषित कर रहे हैं, उन्हें सुधरना होगा, नहीं तो जन आंदोलन तेज किया जाएगा। प्रशासन और सरकार से हम मांग करते हैं कि वे तत्काल सख्त कार्रवाई करें।”

चर्चित नाम भी घेरे में
22 लोगों के खिलाफ दर्ज शिकायत में एक चर्चित नाम ‘दबा बल्लू’ फेम गीतकार-कलाकार किसन सेन का भी है, जो पहले कई विवादित गीतों को लेकर सुर्खियों में रह चुके हैं।

सोशल मीडिया पर भी फूटा गुस्सा
हाल ही में रिलीज़ हुए एक अश्लील छत्तीसगढ़ी गाने के टीज़र ने सोशल मीडिया पर बवाल खड़ा कर दिया। कई कलाकारों और नागरिकों ने इसे संस्कृति पर सीधा प्रहार बताया। गाने के खिलाफ तीखी प्रतिक्रियाएं और बहिष्कार की मांगें भी सामने आई हैं।

जनजागरण जारी रहेगा
प्रदर्शन में शामिल युवाओं और पत्रकारों ने स्पष्ट किया कि यह आंदोलन केवल शुरुआत है। जब तक अश्लीलता पर रोक नहीं लगेगी, तब तक जनजागरण अभियान जारी रहेगा ।

What's your reaction?

Related Posts