भारतीय क्रिकेट के एक और युग का अंत करीब आता दिख रहा है। रोहित शर्मा के बाद अब विराट कोहली ने भी टेस्ट क्रिकेट से संन्यास की तैयारी कर ली है। मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, कोहली ने बीसीसीआई को अपने फैसले से अवगत करा दिया है और इंग्लैंड दौरे से पहले ही वह टेस्ट फॉर्मेट को अलविदा कह सकते हैं।
कोहली ने BCCI से साझा किया मन का फैसला
सूत्रों के अनुसार विराट ने बीसीसीआई को सूचित किया है कि वे अब टेस्ट क्रिकेट नहीं खेलना चाहते। हालांकि, बोर्ड ने उन्हें इस फैसले पर पुनर्विचार करने को कहा है। कोहली का यह निर्णय अगर अंतिम रूप लेता है तो टीम इंडिया के लिए यह एक बड़ा झटका साबित हो सकता है।
रोहित के बाद अब विराट भी
हाल ही में रोहित शर्मा ने भी टेस्ट क्रिकेट से संन्यास की घोषणा की थी। अब विराट का यह संभावित फैसला भारतीय क्रिकेट के लिए एक युग के अंत जैसा है। दोनों दिग्गजों ने 2024 के टी20 विश्व कप में भारत को चैंपियन बनाने के बाद T20 फॉर्मेट से भी विदाई ली थी।
कोहली का टेस्ट करियर
विराट कोहली ने 2011 में टेस्ट डेब्यू किया था और अब तक 123 टेस्ट खेल चुके हैं, जिसमें उन्होंने 9230 रन बनाए हैं। इस दौरान उन्होंने 30 शतक और 31 अर्धशतक लगाए हैं। बतौर कप्तान उन्होंने भारत को 40 टेस्ट मैचों में जीत दिलाई है।
कौन ले सकता है कोहली की जगह?
अगर कोहली इंग्लैंड दौरे से हटते हैं, तो उनकी जगह श्रेयस अय्यर, करुण नायर या देवदत्त पडिक्कल जैसे खिलाड़ी टीम में जगह बना सकते हैं। हालांकि, कोहली जैसे अनुभव और फॉर्म वाले खिलाड़ी की भरपाई आसान नहीं होगी।
भारतीय फैंस अब इस बात पर निगाहें टिकाए हैं कि क्या कोहली वाकई टेस्ट क्रिकेट से संन्यास लेंगे या बीसीसीआई की सलाह के बाद अपना फैसला बदलेंगे।
- Home
- अतुल्य भारत
- Breaking News: विराट कोहली भी कह सकते हैं टेस्ट क्रिकेट को अलविदा, BCCI से साझा किया मन का फैसला















