ब्रेकिंग खबरें

टॉप खबरेंविश्वसनीय छत्तीसगढ़

भाठागांव बस स्टैंड में ‘हॉकर राज’ पर सख्ती की मांग: कांग्रेस नेताओं ने पुलिस आयुक्त से की मुलाकात, नशा तस्करी और मारपीट के मामलों पर जताई चिंता

रायपुर, 03 फ़रवरी 2026

भाठागांव स्थित अंतरराज्यीय बस स्टैंड में बढ़ती अव्यवस्था, सुरक्षा की कमी और हॉकरों की मनमानी को लेकर कांग्रेस नेताओं ने पुलिस आयुक्त संजीव शुक्ला से मुलाकात कर कड़ी कार्रवाई और अतिरिक्त पुलिस बल तैनाती की मांग की है।

पूर्व महापौर प्रमोद दुबे के नेतृत्व में कांग्रेस प्रतिनिधिमंडल ने पुलिस आयुक्त को बताया कि बस स्टैंड में हॉकरों द्वारा यात्रियों से मारपीट, गाली-गलौज और नशा सामग्री की खुलेआम बिक्री की घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं, जिससे आम यात्रियों, खासकर महिलाओं और छात्रों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

कांग्रेस नेताओं ने दावा किया कि उड़ीसा से भारी मात्रा में नशीली सामग्री बस स्टैंड लाई जाती है, जिसे महाराष्ट्र सहित अन्य राज्यों में सप्लाई किया जाता है। वहीं, कुछ दिनों पहले परीक्षा देने आए एक छात्र के साथ हॉकरों द्वारा बेरहमी से मारपीट की घटना ने सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

नेताओं ने कहा कि आए दिन हो रही घटनाओं के कारण अच्छे परिवारों के लोगों का बस स्टैंड जाना मुश्किल हो गया है, जिससे रायपुर शहर की छवि लगातार खराब हो रही है।

प्रतिनिधिमंडल ने यह भी बताया कि हाल ही में खोली गई पुलिस चौकी में पुलिस बल की भारी कमी है, जिसके चलते रंगदारी, अवैध वसूली और मारपीट जैसी घटनाएं थम नहीं रही हैं। हॉकरों का न तो पुलिस वेरिफिकेशन हुआ है और न ही कोई पहचान तय है, जो कहीं से भी आकर खुद को हॉकर बताकर बसों के सामने यात्रियों को आवाज देते हैं।

बस मालिकों से जबरन प्रति बस 100 रुपए वसूले जाते हैं, राशि नहीं देने पर यात्रियों के साथ दुर्व्यवहार किया जाता है, जिससे यात्री दोबारा उस बस में बैठने से कतराते हैं।

इस दौरान पूर्व महापौर प्रमोद दुबे, कांग्रेस अध्यक्ष कुमार मेनन, पूर्व विधायक कुलदीप जुनेजा, विकास उपाध्याय, पप्पू राजेंद्र बंजारे, संजय पाठक सहित कई वरिष्ठ नेता मौजूद रहे

पुलिस आयुक्त संजीव शुक्ला ने सभी की बात गंभीरता से सुनते हुए भाठागांव बस स्टैंड में चाक-चौबंद सुरक्षा व्यवस्था लागू करने और हॉकरों को पूरी तरह हटाने का आश्वासन दिया

उन्होंने कहा कि किसी भी कीमत पर रायपुर की छवि खराब नहीं होने दी जाएगी।


What's your reaction?

Related Posts