भारतीय क्रिकेट के सबसे सफल टेस्ट कप्तान और स्टार बल्लेबाज विराट कोहली ने रविवार को टेस्ट क्रिकेट से संन्यास की घोषणा कर दी। उन्होंने इंस्टाग्राम पर एक भावुक पोस्ट साझा करते हुए यह जानकारी दी और लिखा, “269, signing off”, जो उनकी टेस्ट कैप संख्या है।
कोहली ने लिखा,
“टेस्ट क्रिकेट में पहली बार बैगी ब्लू पहने हुए 14 साल हो चुके हैं। ईमानदारी से कहूं तो मैंने कभी नहीं सोचा था कि यह प्रारूप मुझे किस सफर पर ले जाएगा… यह आसान नहीं है, लेकिन सही लगता है। मैंने इसमें अपना सब कुछ दिया है, और इसने मुझे मेरी उम्मीद से कहीं ज़्यादा दिया है।”
14 साल का सफर
विराट कोहली ने 20 जून 2011 को वेस्टइंडीज के खिलाफ अपना टेस्ट डेब्यू किया था। उन्होंने अपना आखिरी मैच 3 जनवरी 2025 को सिडनी में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ बॉर्डर-गावस्कर ट्रॉफी में खेला।
उन्होंने 123 टेस्ट मैचों की 210 पारियों में 46.85 की औसत से 9230 रन बनाए, जिसमें 30 शतक, 31 अर्धशतक, और 7 दोहरे शतक शामिल हैं। कोहली ने अपने टेस्ट करियर में 1027 चौके और 30 छक्के लगाए।
सबसे सफल भारतीय टेस्ट कप्तान
कोहली की कप्तानी में भारत ने 68 टेस्ट मैचों में 40 जीत, 17 हार और 11 ड्रॉ दर्ज किए। उनका जीत प्रतिशत 58.82% रहा, जो एमएस धोनी (45%) और सौरव गांगुली (42.85%) जैसे दिग्गजों से बेहतर है। उनकी कप्तानी में भारत सबसे लंबे समय तक टेस्ट रैंकिंग में नंबर एक टीम रहा।
अब सिर्फ वनडे में नजर आएंगे
कोहली पहले ही T20 इंटरनेशनल से संन्यास ले चुके हैं। उन्होंने 2024 में T20 वर्ल्ड कप जीतने के बाद यह निर्णय लिया था। अब वह रोहित शर्मा के साथ केवल वनडे फॉर्मेट में खेलते नजर आएंगे।
- Home
- अतुल्य भारत
- विराट कोहली ने टेस्ट क्रिकेट से लिया संन्यास, 14 साल के गौरवशाली करियर का हुआ अंत















