रायपुर। राजधानी रायपुर के गंजपारा स्थित शराब भट्ठी में शनिवार शाम हुई हिंसक झड़प का CCTV फुटेज सामने आया है। बताया जा रहा है कि लाइन में शराब लेने को लेकर हुई कहासुनी धक्का-मुक्की में बदल गई और देखते ही देखते चाकू व बीयर की बोतल से हमला कर दिया गया। इस हमले में तीन लोग घायल हो गए।
पुलिस के अनुसार, छोटा रामनगर कबीर चौक निवासी तेजपाल चौहान अपने दोस्तों गितेश वर्मा और तोषण साहू के साथ शनिवार शाम करीब 5 बजे गंजपारा शराब भट्ठी पहुंचे थे। लाइन में खड़े होने के दौरान गंजपारा के अमन सोनी, लक्की गोप, दुर्गेश उर्फ दरवेश और तामू उर्फ तामेश्वर ने पहले शराब लेने की बात कहकर तेजपाल को धक्का देना शुरू कर दिया। विरोध करने पर आरोपियों ने गालियां देते हुए चाकू से तेजपाल की बांयी जांघ में वार किया, जिससे वह लहूलुहान हो गया।
बीच-बचाव करने आए तोषण साहू पर आरोपियों ने बीयर की बोतल से हमला कर दिया, जिससे उनके सिर पर गंभीर चोट आई। वहीं गितेश वर्मा पर कांच के टुकड़े से वार किया गया, जिससे वह भी घायल हो गया। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
- Home
- विश्वसनीय छत्तीसगढ़
- गंजपारा शराब भट्ठी में चाकूबाजी और बोतल से हमला, तीन घायल – CCTV फुटेज आया सामने















