बसना। बसना विधानसभा क्षेत्र के विकास और ग्रामीण अधोसंरचना को मजबूती देने के लिए एक महत्वपूर्ण कदम उठाया गया है। बसना विधायक डॉ. संपत अग्रवाल के सक्रिय प्रयासों से छत्तीसगढ़ शासन ने महासमुंद जिले के सल्डीह-बहादुरपुर मार्ग (मुख्य जिला मार्ग क्रमांक 340) के निर्माण के लिए 14.30 करोड़ रुपये (1430.50 लाख रुपये) की प्रशासनिक स्वीकृति जारी की है।
विधायक डॉ. अग्रवाल ने बताया कि यह परियोजना वर्ष 2024-25 के बजट में शामिल की गई थी और यह 6.50 किलोमीटर लंबा मार्ग क्षेत्र के ग्रामीण इलाकों को बेहतर कनेक्टिविटी प्रदान करेगा। इस मार्ग के बनने से स्थानीय नागरिकों को सुगम और सुरक्षित आवागमन की सुविधा मिलेगी और क्षेत्र के विकास में तेजी आएगी।
डॉ. अग्रवाल ने केंद्रीय सड़क एवं परिवहन मंत्री नितिन गडकरी, मुख्यमंत्री विष्णु देव साय और उप मुख्यमंत्री अरुण साव का आभार व्यक्त करते हुए इसे बसना विधानसभा क्षेत्र के लिए एक महत्वपूर्ण उपलब्धि बताया। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार विकास को प्राथमिकता देती है और प्रदेश में डबल इंजन की सरकार बनने के बाद से स्थानीय जरूरतों और बड़े प्रोजेक्ट्स दोनों पर समान ध्यान दिया जा रहा है।
विधायक ने कहा, “यह सड़क परियोजना क्षेत्रवासियों की मूलभूत आवश्यकताओं को पूरा करने और बेहतर जीवन सुविधा उपलब्ध कराने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। हम जनता के विश्वास और सहयोग के साथ विकास के मार्ग पर लगातार आगे बढ़ रहे हैं।”
इस स्वीकृति के साथ ही बसना क्षेत्र में विकास की नई पहल और परियोजनाओं को गति मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।















