पिथौरा। क्षेत्र के युवाओं को कौशल विकास की दिशा में प्रेरित करने वाले शिवा प्राइवेट इंडस्ट्रियल ट्रेनिंग इंस्टीट्यूट (Shiva Pvt. Industrial Training Institute) का 6वां COPA दीक्षांत समारोह बुधवार को पिथौरा के उजाला पैलेस में बड़े ही धूमधाम और गरिमामय माहौल में संपन्न हुआ। कार्यक्रम में बसना विधानसभा क्षेत्र के विधायक डॉ. संपत अग्रवाल मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए और विद्यार्थियों को उनके उज्जवल भविष्य के लिए प्रेरित किया।

कार्यक्रम की शुरुआत विधिवत पूजा-अर्चना और दीप प्रज्वलन से हुई। इसके बाद संस्थान के प्राचार्य एवं फैकल्टी सदस्यों ने विधायक डॉ. संपत अग्रवाल का पुष्पगुच्छ से स्वागत किया।
अपने संबोधन में विधायक डॉ. अग्रवाल ने कहा —
“आज का दिन आप सभी विद्यार्थियों के जीवन का एक अहम पड़ाव है। केवल डिग्री प्राप्त करना सफलता नहीं है, बल्कि उस ज्ञान और कौशल का उपयोग राष्ट्र निर्माण व परिवार के उत्थान में करना ही असली उपलब्धि है। तकनीकी शिक्षा युवाओं को आत्मनिर्भर बनाती है और देश के विकास में उनकी अहम भूमिका तय करती है।”
उन्होंने विद्यार्थियों से कहा कि वर्तमान युग प्रतिस्पर्धा का है, जहां तकनीकी कौशल की मांग लगातार बढ़ रही है। “आप सभी में अपार क्षमता है, बस जरूरत है उस क्षमता को सही दिशा देने की। असफलताएं केवल सबक होती हैं, उनसे सीखकर आगे बढ़ना ही सफलता का मूलमंत्र है,” उन्होंने कहा।
विधायक डॉ. अग्रवाल ने 6th COPA बैच के सफल विद्यार्थियों को मोमेंटो और प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया। समारोह में विद्यार्थियों के चेहरों पर खुशी और गर्व का भाव झलकता रहा।
संस्थान के प्रयासों की सराहना करते हुए उन्होंने कहा —
“शिवा आईटीआई ग्रामीण अंचल के विद्यार्थियों को भी उच्च स्तरीय तकनीकी शिक्षा उपलब्ध करा रहा है। ये युवा ‘स्किल इंडिया’ और ‘मेक इन इंडिया’ जैसे अभियानों की रीढ़ हैं। आप सब अपने क्षेत्र में नवाचार और ईमानदारी के साथ कार्य करें।”
डॉ. अग्रवाल ने विद्यार्थियों को संस्थान का ‘ब्रांड एंबेसडर’ बताते हुए उनके उज्जवल भविष्य की शुभकामनाएँ दीं और भविष्य में हरसंभव सहयोग का आश्वासन दिया।
इस अवसर पर संस्थान के संचालक, प्राचार्य, उषा पुरर्षोत्तम घृतलहरे (जनपद अध्यक्ष), ब्रह्मानंद पटेल (जनपद उपाध्यक्ष), रामदुलारी सिंहा (जिला पंचायत सदस्य), सत्यनारायण अग्रवाल (अध्यक्ष स्काउट गाइड संघ), स्वप्निल तिवारी (जिला अध्यक्ष श्रमजीवी पत्रकार संघ), सीताराम सिंहा (भाजपा नेता), सुरेंद्र पांडे (विधायक प्रतिनिधि), कमली बसंत (सरपंच ग्राम पंचायत टेका), एल.के. शर्मा (डायरेक्टर शिवा आईटीआई), योगेश्वर डड़सेना, एफ.ए. नंद, नरेश नायक, समेत समस्त स्टाफ, विद्यार्थी और अभिभावक बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।
यह समारोह विद्यार्थियों के लिए न केवल प्रेरणादायी क्षण रहा, बल्कि जीवन में आगे बढ़ने के लिए नई ऊर्जा और मार्गदर्शन लेकर आया।















