ब्रेकिंग खबरें

विश्वसनीय छत्तीसगढ़स्लाइडर

धर्मांतरण के विरोध में आज छत्तीसगढ़ बंद: सर्व समाज का आह्वान, रायपुर समेत कई जिलों में बंद का असर


कांकेर जिले के आमाबेड़ा क्षेत्र अंतर्गत बड़े तेवड़ा गांव में हाल ही में सामने आए शव दफन विवाद और कथित धर्मांतरण के मामले को लेकर बुधवार, 24 दिसंबर को छत्तीसगढ़ सर्व समाज ने प्रदेशव्यापी छत्तीसगढ़ बंद का आह्वान किया है। बंद को छत्तीसगढ़ चैंबर ऑफ कॉमर्स के साथ-साथ ट्रांसपोर्ट चैंबर का भी समर्थन प्राप्त हुआ है।
बंद के आह्वान के चलते राजधानी रायपुर में जयस्तंभ चौक, मालवीय रोड सहित कई प्रमुख इलाकों में व्यापारी संगठनों के लोग दुकानें बंद कराने सड़कों पर उतरे। इस दौरान उनके साथ बजरंग दल के कार्यकर्ता भी मौजूद रहे। कई स्थानों पर सुबह से ही दुकानें, सब्जी मंडियां और व्यावसायिक प्रतिष्ठान बंद नजर आए।
व्यापारी संगठनों का कहना है कि बंद शांतिपूर्ण तरीके से किया जा रहा है और इसका उद्देश्य शासन-प्रशासन का ध्यान कथित धर्मांतरण मामलों की ओर आकर्षित करना है। बंद का असर रायपुर के अलावा दुर्ग, भिलाई, बिलासपुर, राजनांदगांव और कांकेर समेत अन्य जिलों में भी देखने को मिल सकता है।
कांकेर में रैली का आयोजन
कांकेर जिले में बुधवार सुबह 11 बजे वंदे मातरम स्थल से कांकेर डोम तक सर्व समाज द्वारा रैली निकाली जाएगी। रैली के दौरान प्रदर्शनकारी अपनी 5 सूत्रीय मांगों को लेकर कलेक्टर को ज्ञापन सौंपेंगे।
प्रशासन अलर्ट
बंद को देखते हुए पुलिस-प्रशासन अलर्ट मोड पर है। संवेदनशील इलाकों में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है ताकि किसी भी तरह की अप्रिय स्थिति से निपटा जा सके। प्रशासन ने लोगों से शांति बनाए रखने और कानून-व्यवस्था में सहयोग करने की अपील की है।

What's your reaction?

Related Posts