छत्तीसगढ़ में ठंड का प्रकोप लगातार बढ़ता जा रहा है और फिलहाल लोगों को राहत मिलने के आसार नहीं हैं। मौसम विभाग ने आगामी दिनों में तापमान में और गिरावट की चेतावनी जारी की है। राजधानी रायपुर, दुर्ग, बालोद समेत कई जिलों में 25 दिसंबर तक शीतलहर चलने की संभावना जताई गई है, वहीं उत्तरी छत्तीसगढ़ के कई इलाकों में घने कोहरे का अलर्ट जारी किया गया है।
मौसम विभाग के अनुसार, अगले 24 घंटों के दौरान सरगुजा और बिलासपुर संभाग के कुछ हिस्सों में घना कोहरा छाया रह सकता है। इसके साथ ही अगले तीन दिनों में न्यूनतम तापमान 1 से 3 डिग्री सेल्सियस तक गिर सकता है।
प्रदेश में मंगलवार को सबसे कम न्यूनतम तापमान अंबिकापुर में 5.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं उत्तर छत्तीसगढ़ के सीमावर्ती क्षेत्रों में पारा 2 से 3 डिग्री सेल्सियस के बीच रिकॉर्ड किया गया। दुर्ग संभाग के कुछ इलाकों में शीतलहर का प्रभाव भी देखने को मिला।
इन जिलों में शीतलहर और कोहरे की चेतावनी
मौसम विभाग ने 25 दिसंबर तक रायपुर, खैरागढ़-छुईखदान-गंडई, राजनांदगांव, दुर्ग, बालोद, मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी और बेमेतरा जिलों में एक-दो स्थानों पर शीतलहर चलने की संभावना जताई है।
वहीं कोरिया, मनेन्द्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर, सूरजपुर, सरगुजा, जशपुर और बलरामपुर जिलों में मध्यम से घना कोहरा छा सकता है। इन क्षेत्रों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है।
रायपुर में आज का मौसम
राजधानी रायपुर में आज सुबह धुंध छाए रहने की संभावना है। यहां अधिकतम तापमान 27 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 13 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है।
मौसम विभाग ने लोगों को ठंड और कोहरे को देखते हुए सावधानी बरतने, सुबह और देर रात अनावश्यक यात्रा से बचने तथा बुजुर्गों और बच्चों का विशेष ध्यान रखने की सलाह दी है।
- Home
- विश्वसनीय छत्तीसगढ़
- CG Weather Update: छत्तीसगढ़ में शीतलहर और घने कोहरे का अलर्ट, तापमान में 3 डिग्री तक गिरावट के आसार















