ब्रेकिंग खबरें

विश्वसनीय छत्तीसगढ़

रायपुर से गिरौदपुरी धाम तक निकली सतनाम सद्भाव पदयात्रा: विधायक अनुज शर्मा ने किया स्वागत, ‘मनखे-मनखे एक समान’ का दिया संदेश

रायपुर, 18 फरवरी 2026
सामाजिक समरसता और सतनाम पंथ के संदेशों के प्रसार के उद्देश्य से आज रायपुर के पुराने विधानसभा चौक से गिरौदपुरी धाम तक आयोजित विशाल सतनाम सद्भाव पदयात्रा का भव्य शुभारंभ हुआ। कार्यक्रम में धरसींवा विधायक अनुज शर्मा शामिल हुए और पदयात्रियों का स्वागत कर उन्हें शुभकामनाएं दीं।

विधायक ने जैतखाम की पूजा-अर्चना कर श्वेत ध्वज फहराया तथा पदयात्रियों पर पुष्प वर्षा की। इस दौरान पूरा परिसर “बाबा गुरु घासीदास की जय” और “सतनाम” के जयघोष से गूंज उठा। यह पदयात्रा रायपुर से विभिन्न गांवों-कस्बों से होते हुए गिरौदपुरी धाम पहुंचेगी, जो संत गुरु घासीदास की जन्मस्थली एवं तपोभूमि है।

सभा को संबोधित करते हुए विधायक ने कहा कि “मनखे-मनखे एक समान” का संदेश आज के समय में अत्यंत प्रासंगिक है। यह पदयात्रा केवल धार्मिक आयोजन नहीं, बल्कि समाज को एकता के सूत्र में बांधने का सशक्त माध्यम है। इससे युवाओं को अपनी सांस्कृतिक और आध्यात्मिक जड़ों से जुड़ने का अवसर मिलेगा। उन्होंने कहा कि सतनाम पंथ की शिक्षाओं ने छत्तीसगढ़ को शांति और भाईचारे की पहचान दी है।

कार्यक्रम में कैबिनेट मंत्री गुरु खुशवंत साहेब, युवा मोर्चा अध्यक्ष राहुल टिकरिहा, सनम जांगड़े, सुनील शर्मा सहित सतनाम समाज के पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद रहे।

पदयात्रा के रवाना होते समय श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह देखने को मिला और सभी ने मंगलमय यात्रा की कामना की।

What's your reaction?

Related Posts